Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

महासमुंद में महिला स्वसहायता समूहों को ऋण दिलाने की प्रक्रिया होगी तेज, अनुपमा आनंद की उपस्थिति में बना एक्शन प्लान।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत जिला पंचायत सभागार महासमुंद में बैंकर सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के स्वसहायता समूहों को समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने तथा व्यक्तिगत ऋण के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना (एक्शन प्लान) तैयार की गई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैंकर्स और विभागीय अमले के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वसहायता समूहों के बैंक क्रेडिट लिंकेज एवं व्यक्तिगत ऋण (इंडिविजुअल लोन) से संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में नेशनल रिसोर्स पर्सन, राज्य कार्यालय के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, आरसेटी डायरेक्टर, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा एफएलसीआरपी उपस्थित रहे।प्रशिक्षण के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों एवं नवीनतम गाइडलाइन की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बैंक ऋण प्रक्रिया, ऋण प्रकरणों के निराकरण, आवश्यक दस्तावेजों की कमी दूर करने तथा बैंकर्स और मैदानी अमले के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पात्र स्वसहायता समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार एवं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें। पात्र समूहों के ऋण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने पर जोर दिया गया।इसके अलावा व्यक्तिगत ऋण के माध्यम से समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ अपने परिवार और गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर सकती हैं।

बैठक में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ऋण वितरण की प्रगति सुनिश्चित करने, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए बैंकर्स और विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वित प्रयास करने पर सहमति बनी।

कार्यशाला के माध्यम से जिले में स्वसहायता समूहों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में ठोस पहल की गई। सशक्त समूह, आत्मनिर्भर महिलाएं और समृद्ध महासमुंद के संकल्प के साथ महिला आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों को गति देने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!