
विकास नंद/सर्वव्यापी

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही जिला प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं पर निगरानी तेज कर दी है। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसे लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को पिथौरा विकासखंड के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर लंगेह ने लोहारकोट, सांकरा एवं पिरदा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी की स्थिति, बारदाने की उपलब्धता, तौल व्यवस्था, टोकन प्रणाली और धान के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ खरीदी कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिले में अब तक 14,307 क्विंटल धान की खरीदी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। अब तक कुल 14 हजार 307 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
किसानों से सीधा संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान बेचने पहुंचे किसानों से बातचीत कर पूछा कि टोकन प्राप्त करने, धान की तौल कराने और भुगतान की प्रक्रिया में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने किसानों से फीडबैक लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।
तौल और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने के निर्देश
कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों को धान की गुणवत्ता एवं नमी का परीक्षण निर्धारित मापदंडों के अनुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तौल प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसानों को उनकी उपज की सही मात्रा के अनुसार रसीद उपलब्ध कराई जाए। बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों एवं अन्य उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। धान की आवक और उठाव पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि केंद्रों में धान का अनावश्यक जमाव न हो और खरीदी कार्य प्रभावित न हो।
कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की जानकारी दी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की राशि दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने किसानों को योजना के लाभ एवं प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने तथा धान खरीदी से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी रखने की अपील की।
अवैध धान की आवक पर भी रहेगी प्रशासन की नजर
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में अवैध धान की आवक पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध मामले में नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा प्रतिदिन की खरीदी, टोकन, धान की आवक और उठाव की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखना है।




