
विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत ANTF (एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स) और सरायपाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने खम्हारपाली RTO बैरियर के पास एक कंटेनर वाहन से 120.960 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर उत्तरप्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 60 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं कंटेनर वाहन और मोबाइल सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक WB 19 L 3059 में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से खम्हारपाली बैरियर होते हुए सरायपाली के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ANTF एवं थाना सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने खम्हारपाली RTO बैरियर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर का इंतजार शुरू किया।कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार कंटेनर पहुंचा, जिसे पुलिस टीम ने रोककर उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। वाहन में सवार दोनों युवकों ने अपनी पहचान अमनदीप (27 वर्ष), निवासी लोहन्दा, सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) तथा लल्लू यादव (24 वर्ष), निवासी हटिया रामनाथ, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में बताई।कंटेनर में रखे सामान के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने चावल की बोरियां होना बताया। संदेह के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान करीब 300 बोरी चावल के कट्टों के बीच छिपाकर रखी गई चार बोरियों से 117 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 120.960 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 48 हजार रुपये है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 376/26, धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने 120.960 किलोग्राम गांजा, लगभग 30 लाख रुपये कीमत का एक कंटेनर वाहन तथा दो मोबाइल फोन (कीमत करीब 10 हजार रुपये) जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में जब्त संपत्ति का कुल मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक है।
तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने पुलिस की जांच जारी
पुलिस अब गांजे की तस्करी के स्रोत से लेकर उसके गंतव्य तक जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई में इंड-टू-इंड जांच के तहत गांजा कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की भी जांच कर रही है।ANTF और थाना सरायपाली पुलिस के बीच सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के इस मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।




