Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमार कार्रवाई, मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट की हुई जांच।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने बसना और पिथौरा क्षेत्र की मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों के किचन में स्वच्छता संबंधी कमियां भी सामने आईं, जिस पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर नियंत्रण और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की जा रही है।अभियान के तहत 30 अक्टूबर को बसना बस स्टैंड स्थित मेसर्स चिंटू वीरे दा रेस्टोरेंट से पके बिरयानी चावल का विधिक नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में स्वच्छता का अभाव पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई। इसके अलावा मेसर्स सत्कार स्वीट्स एवं मेसर्स बीकानेर स्वीट्स, बसना का भी निरीक्षण किया गया।इसी क्रम में 2 नवंबर को पिथौरा स्थित मेसर्स पराग स्वीट्स से भुंजा पेड़ा, काजू कतली एवं पेड़ा के निगरानी नमूने संकलित किए गए। वहीं मेसर्स प्रतीक स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट के निर्माण परिसर का निरीक्षण कर पेड़ा का विधिक नमूना लिया गया। यहां भी किचन में स्वच्छता संबंधी कमी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई है।

मिठाई खरीदते समय बरतें सावधानी

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। पैकेटबंद खाद्य पदार्थ लेते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, लेबल पर अंकित जानकारी एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच अवश्य करें। खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने के लिए विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे में मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ने से मिलावट पर नियंत्रण और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!