Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पहचान और विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महासमुंद जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। राज्य स्थापना दिवस प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कलेक्टर लंगेह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ एक पृथक राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। यह दिन प्रदेश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। राज्य निर्माण के बाद से छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, बिजली, उद्योग और आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास की दिशा में निरंतर कदम बढ़ाए हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश की असली ताकत यहां के किसान, श्रमिक, युवा, महिलाएं और मेहनतकश नागरिक हैं। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

राज्य स्थापना दिवस हमें अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, जिले के विकास में सहभागिता निभाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों से महासमुंद जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अंत में उन्होंने समस्त जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!