
नूर मोहम्मद जिला ब्यूरो चीफ, रायपुर/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश संगठन सचिव आलोक शुक्ला द्वारा शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता (DA) प्रदान करने की मांग के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते एवं महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का ऐलान किया है।दीपावली से पहले लिए गए इस निर्णय के तहत प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तथा पेंशनरों की महंगाई राहत 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। बढ़ी हुई दर आगामी 1 नवंबर से प्रभावी होगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि यह निर्णय शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3.85 लाख शासकीय कर्मचारी तथा 1.50 लाख पेंशनर लाभान्वित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि महंगाई भत्ते में वृद्धि से कर्मचारियों एवं पेंशनरों के परिवारों की त्योहार की खुशियां और बढ़ेंगी।
आलोक शुक्ला ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश संगठन सचिव आलोक शुक्ला ने महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय स्वागतयोग्य है।महंगाई भत्ते में वृद्धि की घोषणा से प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलेगी। दीपावली से पहले हुई इस घोषणा को कर्मचारी वर्ग के लिए महत्वपूर्ण सौगात के रूप में देखा जा रहा है।




