Newsछत्तीसगढ़

‘अर्नब’ पर केंद्र की नजर, अमित शाह ने सीएम साय से की चर्चा, हरसंभव मदद का दिया भरोसा, छत्तीसगढ में बारिश के बावजूद अब तक बाढ़ या जनहानि की सूचना नहीं, प्रशासन अलर्ट मोड पर।

विकास नंद/सर्वव्यापी

चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दूरभाष पर चर्चा कर छत्तीसगढ़ के मौजूदा हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में हो रही बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों से केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हो रही है, लेकिन अब तक कहीं से भी बाढ़ की स्थिति या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने की तैयारी भी रखी गई है।इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने चक्रवात से प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।

चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की चर्चा

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सहित आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा कर चक्रवात से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!