
विकास नंद/सर्वव्यापी

सेवा सेतु शिविरों को परिणामदायी बनाने पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह का जोर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं और शासकीय सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु शिविर महज आवेदन लेने तक सीमित न रहें, बल्कि हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनें। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण किया जाए। किसी पात्र हितग्राही को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को सेवा सेतु शिविरों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सेवा सेतु शिविरों को अधिक प्रभावी, उपयोगी और परिणामदायी बनाने पर जोर दिया।




