
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सरायपाली सेवा संकल्प अभियान के तहत सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केदुवां में आयोजित शिविर में राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री सरला कोसरिया शामिल हुईं। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के तहत मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को आवश्यक किट एवं सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।सरला कोसरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जन-जन की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान तथा हर सुख-दुःख में उनके साथ खड़ा रहना ही उनका संकल्प है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। शिविर के माध्यम से जहां हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वहीं उनकी समस्याओं को भी सामने लाकर समाधान की दिशा में पहल की जा रही है।



