Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

सेवा सेतु शिविर में 204 आवेदन प्राप्त, निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

राज्य शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड सरायपाली के ग्राम पंचायत भोथलडीह सेक्टर में 27 ग्राम पंचायतों को शामिल कर सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह भी पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में पहुंचने वाले ग्रामीणों में से पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता के साथ पूरी की जाए। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा किसी भी पात्र हितग्राही को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने देने के निर्देश दिए।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

श्रम विभाग द्वारा 8 हितग्राहियों को पंजीयन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 11 हितग्राहियों को पट्टा वितरण तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण किया गया।कृषि विभाग ने 3 किसानों को मृदा परीक्षण प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य विभाग ने 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा मत्स्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को मछली जाल वितरित किए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 3 स्वयं सहायता समूहों को कुल 9 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 204 आवेदन प्राप्त हुए।

इस अवसर पर राज्य महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया, जिला पंचायत सदस्य कुमारी भारकर, जनपद पंचायत सरायपाली अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र मुकेश चौधरी, जनपद पंचायत सदस्य सुनील दमरती साहू सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!