Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

91 साल की उम्र में भी नहीं थमा सीखने का जज्बा, फूलबासन बाई ने दी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा, जिले में 637 शिक्षार्थियों ने दी राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान परीक्षा, 77 केंद्रों में हुआ आयोजन।

विकास नंद/सर्वव्यापी

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 27 सितंबर 2026 को जिले में राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण महासमुंद विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 637 शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 492 महिलाएं और 145 पुरुष शामिल रहे।जिले में शिक्षार्थी आकलन परीक्षा के लिए कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें विकासखंड महासमुंद में 46, बागबाहरा में 12, पिथौरा में 2 तथा सरायपाली में 17 केंद्र शामिल रहे। शिक्षार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा में शामिल होने की सुविधा दी गई। प्रश्न-पत्र हल करने के लिए प्रत्येक शिक्षार्थी को तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया था।

91 वर्ष की उम्र में परीक्षा देकर बनीं प्रेरणा

इस परीक्षा में विकासखंड महासमुंद के शासकीय प्राथमिक शाला अमोरी, संकुल तुरेंगा स्थित उल्लास परीक्षा केंद्र में 91 वर्षीय फूलबासन बाई लोधी, पति कलाराम ने परीक्षा देकर शिक्षा के प्रति अपने जज्बे की मिसाल पेश की। उम्र के इस पड़ाव पर भी सीखने और परीक्षा देने के उनके उत्साह ने मौजूद लोगों को प्रेरित किया। फूलबासन बाई की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और शिक्षा के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बन सकती।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद अनुपमा आनंद तथा जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण एवं जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा रेखराज शर्मा ने परीक्षा केंद्र शासकीय प्राथमिक शाला चिंगरौद, संकुल लाफिनखुर्द का अवलोकन किया और परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।जिला स्तर पर गठित मॉनिटरिंग दल ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी बनवारी लाल देवांगन ने बेलसोंडा तथा सरायपाली क्षेत्र के केंद्रों का निरीक्षण किया। प्राचार्य डाइट अरुण प्रधान और विकासखंड शिक्षा अधिकारी महासमुंद भोपाल सिंह बंजारा ने पाली, सोरम-सिंघी सहित विभिन्न उल्लास केंद्रों का अवलोकन किया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी बागबाहरा देवनारायण दीवान ने मनबाय, कसेकेरा और कुलिया के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जबकि विकासखंड शिक्षा अधिकारी पिथौरा लक्ष्मी डडसेना ने बरेकेल एवं तिलकपुर परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली टी.सी. पटेल एवं बीआरसीसी देवानंद नायक ने शासकीय प्राथमिक शाला डुडुमचुवा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं तारिका कुंजाम, सहायक विकासखंड अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक महासमुंद जागेश्वर सिन्हा तथा विकासखंड नोडल अधिकारी ईश्वर चन्द्राकर ने महासमुंद विकासखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग की।परीक्षा को सफल बनाने के लिए विकासखंड स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड नोडल अधिकारी, बीआरसीसी एवं संकुल समन्वयकों सहित विभिन्न अधिकारियों ने महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंडों में परीक्षा केंद्रों की निगरानी की।

परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने में स्वयंसेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, मितानिनों, रसोइयों तथा स्वीपरो ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिले में परीक्षा का आयोजन व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!