
विकास नंद/सर्वव्यापी
सेवा सेतु अभियान एवं आगामी दान उत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला एवं मैदानी अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित मैदानी अधिकारी जुड़े।
कलेक्टर लंगेह ने सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों को आमजन के लिए सुविधाजनक और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों से पहले संबंधित ग्रामों में मुनादी कराकर लोगों को इसकी जानकारी दी जाए और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पात्र हितग्राहियों से शिविर के पूर्व भी आवेदन प्राप्त कर शिविर के दिन उनका निराकरण करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा संबंधित विभागों के मैदानी अमले की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। सेवा सेतु शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागवार स्टॉल लगाए जाएंगे। संबंधित विभाग योजनाओं की जानकारी वाले पंपलेट एवं प्रचार सामग्री का वितरण करेंगे, ताकि लोगों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
20 से 25 गांवों का बनेगा क्लस्टर
सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड में 20 से 25 गांवों का क्लस्टर बनाया जाएगा। इन क्लस्टरों में 1, 3, 5 और 6 अक्टूबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे। संबंधित विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
2 से 8 अक्टूबर तक होगा दान उत्सव
बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दान उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से दान उत्सव को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया। 2 अक्टूबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए रेडक्रॉस के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।दान उत्सव के दौरान नागरिकों को अंगदान और देहदान के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौना दान, जरूरतमंदों के लिए वस्त्र दान तथा शिक्षा दान के तहत पुस्तकों का दान करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद युवाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए कौशल विकास के क्षेत्र में योगदान देने की अपील भी की जाएगी।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि दान उत्सव केवल सामग्री दान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को उसकी क्षमता के अनुसार सेवा, सहयोग और जनभागीदारी से जोड़ने का माध्यम बनना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।



