
विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले के किसानों को धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्पष्ट किया है कि तकनीकी कारणों से किसी भी किसान को धान बेचने से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरदावरी सहित अन्य तकनीकी त्रुटियों का समय रहते निराकरण किया जाएगा, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
जनदर्शन में गिरदावरी में त्रुटि के कारण धान नहीं बेच पाने की आशंका से परेशान किसान हेमंत कुमार सोनी ने अपनी समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। किसान की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर लंगेह ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को त्रुटि का निराकरण करने के निर्देश दिए। इससे किसान को बड़ी राहत मिली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से लें और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की तकनीकी खामी किसानों के लिए बाधा नहीं बननी चाहिए।जनदर्शन में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर तत्काल समाधान की पहल प्रशासन की संवेदनशीलता और किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।




