Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर लंगेह का सख्त निर्देश: सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों के समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, सेवा संकल्प अभियान के तैयारियों की समीक्षा।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विभागीय कार्यों, लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही नहीं चलेगी

कलेक्टर लंगेह ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-1 स्तर पर प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने प्रथम स्तर पर ही प्रकरणों के समाधान के लिए 7 से 10 दिवस की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने कहा।उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन कर शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की समीक्षा

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों का व्यापक स्तर पर आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 सितंबर को जिले के सभी नगरीय निकायों में जल स्रोतों की सफाई एवं वृक्षारोपण किया जाएगा। 24 सितंबर को सफाई कर्मियों के लिए हेल्थ कैंप, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान तथा नशा मुक्ति अभियान आयोजित होगा।वहीं 25 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत नागरिकों को प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा कपड़े एवं जूट के बैग के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाएगा और बैग वितरण की गतिविधियां होंगी।कलेक्टर ने ‘सेवा के रंग’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा कलश यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित विभिन्न गतिविधियों की भी समीक्षा की। सेवा सेतु अभियान के तहत 1, 3, 5 एवं 6 अक्टूबर को क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

ई-ऑफिस और आधार आधारित उपस्थिति पर जोर

बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था एवं आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित पालन सुनिश्चित करने कहा।कलेक्टर ने बिना मान्यता के संचालित अवैध क्लीनिकों एवं स्कूलों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

डीसीएस सर्वे में तेजी के निर्देश

कलेक्टर लंगेह ने डीसीएस सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने कहा। उन्होंने सर्वे के दौरान सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित, सही एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉटों का अप्रूवल शीघ्र करने कहा।इसके अलावा न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं जन शिकायतों की भी समीक्षा की गई।बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!