
विकास नंद/सर्वव्यापी

गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर कल से नगर सहित ग्रामीण अंचलों में भगवान श्रीगणेश की भव्य स्थापना के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ होगा। विघ्नहर्ता भगवान गणेश के स्वागत को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। गणेश पंडालों को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है, वहीं घरों में भी प्रथम पूज्य गणपति की स्थापना की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।नगर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख चौक-चौराहों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पंडाल तैयार किए गए हैं। कहीं आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है तो कहीं धार्मिक एवं सांस्कृतिक थीम पर पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गणेशोत्सव समितियों द्वारा स्थापना, पूजा-अर्चना और आगामी दिनों में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी की जा रही हैं।गणेश चतुर्थी के दिन श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना करेंगे। सुबह से ही बाजारों में गणेश प्रतिमा, पूजन सामग्री, फूल-माला और सजावटी सामानों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ने की संभावना है।गणेशोत्सव को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। घर-घर और सार्वजनिक पंडालों में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ विघ्नहर्ता का स्वागत करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अगले कई दिनों तक नगर का माहौल भक्ति और उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा।



