
विकास नंद/सर्वव्यापी
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री छत्तीसगढ़ शासन अरुण साव के शनिवार को महासमुंद प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय में जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू एवं जिला पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ी लक्की यादव ने मुलाकात की। राज्य खेल अलंकरण वर्ष 2025-26 के लिए शहीद राजीव पांडे पुरस्कार हेतु चयनित लक्की यादव को उपमुख्यमंत्री साव ने बधाई देते हुए सम्मानित किया।इस अवसर पर जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू ने दिव्यांग एवं सामान्य खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने तथा राष्ट्रीय भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समावेशी खेल एकेडमी (आवासीय एवं गैर-आवासीय) के संचालन की मांग रखी। उन्होंने खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, पोषण एवं आहार व्यवस्था के साथ तकनीकी प्रशिक्षण की आवश्यकताओं से भी मंत्री को अवगत कराया। उपमुख्यमंत्री साव ने मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए उन्हें पूरा करने के लिए आश्वासन दिया।इसके बाद उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, महासमुंद द्वारा एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग में संचालित खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल किट वितरित किए और आगामी प्रतियोगिताओं एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के प्राचार्य महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक नीलम साहू सहित अन्य जिला अधिकारी एवं खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ी उपस्थित रहे।




