
विकास नंद/सर्वव्यापी
महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की खबर से उनके गृहनगर सरायपाली में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस नियुक्ति को सरायपाली सहित पूरे महासमुंद जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया।
रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर सरायपाली के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरायपाली की बहू को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। रूपकुमारी चौधरी लंबे समय से संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। उनके अनुभव, सहज व्यवहार और संगठनात्मक क्षमता का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा को मिलेगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ उन्होंने संगठन को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी से देशभर में महिला मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है।
नियुक्ति की खबर मिलते ही सरायपाली में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए रूपकुमारी चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।



