
विकास नंद/ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत सरायपाली विकासखंड के ग्राम पंचायत बलौदा सेक्टर में सोमवार को सेवा संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों को शामिल कर ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।शिविर में श्रम विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग ने 15 हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से 9 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं 9 मितानिनों का सम्मान किया गया तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 131 आवेदन एवं मांगें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों को सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की जानकारी दी।कार्यक्रम में अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री सरला कोसरिया, जिला पंचायत महासमुंद की सदस्य कुमारी भारकर, जनपद पंचायत सरायपाली अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र (मुकेश) चौधरी, सदस्य पद्मिनी भोई एवं दीनता कुंहार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इसके अलावा उद्भव नंद सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शिविर में मौजूद रहे।सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन का प्रयास है कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं और योजनाओं का लाभ मिल सके।



