
विकास नंद/ सर्वव्यापी


सरायपाली ग्राम पंचायत किसड़ी में सरपंच और पंचायत सचिव के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण ग्राम विकास एवं पंचायत के कामकाज में बाधा उत्पन्न होने के मामले को साप्ताहिक समाचार पत्र एवं न्यूज पोर्टल ‘सर्वव्यापी’ द्वारा लगातार प्रमुखता से उठाया गया था। खबरों के माध्यम से पंचायत में बनी स्थिति और विकास कार्यों पर पड़ रहे असर को सामने लाया गया था। अब जिला पंचायत महासमुंद द्वारा जारी प्रशासनिक आदेश के बाद पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई का स्थानांतरण कर दिया गया है।
जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार पृथ्वीराज भोई को उनकी वर्तमान पदस्थापना ग्राम पंचायत किसड़ी, जनपद पंचायत सरायपाली से स्थानांतरित कर ग्राम पंचायत सिरपुर, जनपद पंचायत सरायपाली में पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश में जनपद पंचायत सरायपाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के 24 जुलाई 2026 के प्रस्ताव के आधार पर आगामी आदेश तक प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पंचायत सचिवों की पदस्थापना में फेरबदल किया गया है। इसी क्रम में पृथ्वीराज भोई का किसड़ी से सिरपुर स्थानांतरण किया गया है।
सरपंच-सचिव विवाद से विकास कार्य हो रहे थे प्रभावित
ग्राम पंचायत किसड़ी में सरपंच और सचिव के बीच विवाद के चलते पंचायत के कामकाज को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। ग्रामीण स्तर पर विकास एवं पंचायत से जुड़े कार्यों के प्रभावित होने की स्थिति को लेकर ‘सर्वव्यापी’ ने लगातार समाचार प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था।समाचारों के माध्यम से पंचायत में उत्पन्न विवाद, आपसी समन्वय की कमी और उसके कारण ग्राम विकास पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रमुखता से उठाया गया था। अब प्रशासनिक स्तर पर पंचायत सचिव का स्थानांतरण किए जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि ग्राम पंचायत में कामकाज सुचारु होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
पांच पंचायत सचिवों का हुआ स्थानांतरण
जिला पंचायत के आदेश के अनुसार केवल किसड़ी ही नहीं, बल्कि सरायपाली जनपद पंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पांच पंचायत सचिवों की पदस्थापना बदली गई है। तिलक राम चौहान को सानपंधी, नरसिंह प्रधान को सानपंधी से किसड़ी, पृथ्वीराज भोई को किसड़ी से सिरपुर, पूनम पटेल को सिरपुर से केंजुवा तथा नरेंद्र साहू को केंजुवा से बोंदनवापाली ग्राम पंचायत में पदस्थ किया गया है।वहीं रविशंकर चौधरी, ग्राम पंचायत कंवरपाली को ग्राम पंचायत बोंदनवापाली के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है।‘सर्वव्यापी’ द्वारा उठाए गए पंचायत विवाद के मुद्दे पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि किसड़ी पंचायत में आपसी विवाद की स्थिति खत्म होगी और लंबित विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।



