
विकास नंद/सर्वव्यापी
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने स्थानीय भाजपा नेताओं सरला कोसरिया, छत्तर सिंह नायक, संजय शर्मा, बिपीन उपोवेजा, रामलाल चौहान, राजेन्द्र नायक, मोगरा पटेल और लक्ष्मी पटेल की मांग तथा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधानसभा क्षेत्र के किसड़ी, उमरिया, कोसमपाली, दुर्गापाली एवं बगाइजोर में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए जाने की स्वीकृति प्रदान की है।
नवीन धान खरीदी केंद्रों की इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्र के किसानों, भाजपा नेताओं एवं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।नए धान खरीदी केंद्र खुलने से इन क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के खरीदी केंद्रों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे किसानों का समय, श्रम और परिवहन व्यय बचेगा तथा धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी।सरायपाली क्षेत्र मुख्य रूप से कृषि आधारित क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में किसान धान की खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में नए धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। खरीफ सीजन में किसानों को अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
सरला कोसरिया ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
इस अवसर पर सरला कोसरिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साय सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के अन्नदाताओं का सम्मान, उनकी सुविधा और उनके हितों की रक्षा करना है। मुख्यमंत्री स्वयं किसान हैं और किसानों के सुख-दुख तथा उनकी आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की व्यवस्था कर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। साय सरकार द्वारा किसानों के हित में लगातार लिए जा रहे निर्णय यह दर्शाते हैं कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
छोटे एवं सीमांत किसानों को होगा विशेष लाभ
नवीन धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है। किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्र नजदीक होने से धान परिवहन में होने वाली परेशानियां कम होंगी और उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए यह निर्णय काफी लाभकारी साबित होगा।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि सरायपाली विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में नवीन धान खरीदी केंद्रों की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्थानीय भाजपा नेताओं ने किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए साय सरकार के समक्ष मांग पत्र प्रस्तुत किया था। सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय निश्चित रूप से स्वागत योग्य है।
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के किसान हितैषी निर्णयों से प्रदेश का अन्नदाता और अधिक सशक्त होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।



