
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफगौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बुधवार को सम्मानपूर्वक विदाई दी। खास बात यह रही कि कलेक्टर की पहल पर सभी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन एवं उपादान प्राधिकार पत्र प्रदान कर दिए गए। इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने सेवानिवृत्ति उपरांत मिलने वाले स्वत्वों के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का आत्मीय सम्मान किया। उन्होंने तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा शॉल-श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घकालीन शासकीय सेवाकाल और विभागीय योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कलेक्टर ने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।*कलेक्टर बोले-अनुभव और ज्ञान को समाज के हित में लगाएं*इस अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का समापन जरूर है, लेकिन जीवन की नई पारी की शुरुआत भी है। उन्होंने कहा कि जिले में सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को सम्मानपूर्वक विदाई देने की यह तीसरी पहल है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से स्वयं को हमेशा सक्रिय एवं गतिमान रखने, संयमित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव एवं ज्ञान का उपयोग समाजहित में करने का आग्रह किया।कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों का अनुभव समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण पूंजी है। इसलिए वे अपने अनुभवों को साझा करते हुए युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करें और उन्हें आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान करें।*इन पांच शासकीय सेवकों को मिली सम्मानजनक विदाई*सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों में गिरधारी लाल कश्यप, व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंडी; जितेंद्र सिंह ठाकुर, लेखापाल, मिश्री देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला; यशोदा राय, प्रधान पाठक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मरवाही; नरेश कुमार सोमावर, भृत्य, कार्यालय जिला आबकारी तथा सुंदर लाल रजक, स्थल सहायक, कार्यालय लोक निर्माण विभाग पेंड्रा संभाग शामिल हैं।समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिला कोषालय अधिकारी धनेन्द्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।कलेक्टर की इस पहल से सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को सम्मान के साथ-साथ उनके पेंशन एवं सेवानिवृत्ति संबंधी अधिकारों का समय पर लाभ सुनिश्चित करने की प्रशासन की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट हुई।


