विकास नंद/ सर्वव्यापी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र विक्रमनगर-बिलखण्ड एवं गढ़गांव में आयोजित “आंगन मिलन” कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने माताओं, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, पोषण, संस्कार और समुचित विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।विक्रमनगर-बिलखण्ड के आंगनबाड़ी केंद्र में सरला कोसरिया ने माताओं एवं बच्चों के साथ संवाद कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए माताओं को बच्चों के पोषण और नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया।वहीं गढ़गांव में आयोजित “आंगन मिलन” कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता की। इस अवसर पर गर्भवती माता-बहनों का गर्भ संस्कार एवं अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति के स्वास्थ्य, सम्मान और संस्कार से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई।सरला कोसरिया ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं संस्कारित बचपन ही मजबूत समाज और उज्ज्वल भविष्य की नींव है। माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं विकास के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा, मातृशक्ति के सम्मान और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, माताओं एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।




