Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

दीपावली पर पटाखा दुकानों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, जारी किए कड़े दिशा-निर्देश।

विकास नंद/सर्वव्यापी

दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में संचालित होने वाली सभी स्थायी एवं अस्थायी पटाखा दुकानों की अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा राज्य आपदा मोचन बल के निर्देशानुसार नगर सेना, नवा रायपुर ने पटाखा दुकानदारों के लिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।इसी क्रम में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी, नगर सेना महासमुंद ने जिले के सभी पटाखा व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है, ताकि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की आगजनी या अप्रिय दुर्घटना को रोका जा सके।

दुकानों के निर्माण और दूरी को लेकर विशेष निर्देश

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पटाखा दुकानें टीन शेड जैसी अज्वलनशील सामग्री से निर्मित होनी चाहिए। कपड़े, बांस, रस्सी या टेंट से दुकान बनाना प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा तथा दुकानें आमने-सामने नहीं बनाई जाएंगी। किसी भी पटाखा दुकान के 50 मीटर के दायरे में आतिशबाजी का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा।

बिजली और अग्निशमन उपकरणों पर विशेष जोर

प्रकाश व्यवस्था के लिए तेल के लैम्प, गैस लैंप या खुली बिजली बत्ती का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत तारों में खुले जोड़ नहीं होने चाहिए तथा मास्टर स्विच में फ्यूज अथवा सर्किट ब्रेकर लगाना अनिवार्य होगा। पटाखा दुकानें ट्रांसफार्मर या हाईटेंशन बिजली लाइनों के नीचे अथवा आसपास नहीं होनी चाहिए।प्रत्येक दुकान में 5 किलोग्राम क्षमता का डीसीपी अग्निशामक यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा दुकानों के सामने 500 लीटर पानी से भरा ड्रम और बाल्टियों की व्यवस्था भी रखनी होगी।

पार्किंग प्रतिबंधित, आपातकालीन रास्ता रखना होगा खुला

सुरक्षा के लिहाज से पटाखा दुकानों के सामने बाइक और कार की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। अग्निशमन विभाग एवं एंबुलेंस के संपर्क नंबर दुकान परिसर के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने होंगे। साथ ही अग्निशमन वाहनों के सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त खुला स्थान रखना भी अनिवार्य होगा।जिला अग्निशमन अधिकारी ने व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षित दीपावली के लिए सतर्कता और सावधानी को प्राथमिकता दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!