
नूर मोहम्मद, जिला ब्यूरो चीफ ,गौरेला पेंड्रा मरवाही(सर्वव्यापी)

चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में गरिमामय एवं सुखद समापन हुआ। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों और 100 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी एवं क्रिकेट की विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन गौरेला तथा कुंजनबाई चौक से स्कूल अमरपुर पेंड्रा की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी।
“खेल में हार नहीं, जीत या सीख मिलती है”
मुख्य अतिथि सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या फिर सीखते हैं। खेल स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारा और सद्भावना की भावना मजबूत होती है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने जिस खेल भावना और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। खिलाड़ियों को जीवन में कभी हार न मानने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि खेल का मैदान जीवन के संघर्षों से जूझने और निरंतर प्रयास करते रहने की सीख देता है।
खेल मैदान और सड़क के लिए 30 लाख की सौगात
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा की मांग पर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने क्षेत्र के विकास के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की। इसमें फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं। सांसद की घोषणा से क्षेत्र में खेल अधोसंरचना और आवागमन सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि जीपीएम जिले में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, जुनून और आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्वागत उद्बोधन में प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे सभी खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स का अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। चार दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ ने पेंड्रा में खेल प्रतिभाओं, प्रतिस्पर्धा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जनपद पंचायत पेंड्रा अध्यक्ष अजीत हेमकुंवर श्याम, राकेश चतुर्वेदी, मनीष श्रीवास, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, एसडीएम पेंड्रा रोड अमित बेक, आलोक शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




