
विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर एनालॉग पनीर के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका को लेकर राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में देर रात दबिश दी। एसडीएम अक्षा गुप्ता के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में करीब तीन घंटे तक संस्थान की जांच की गई।रात्रि करीब 12 बजे तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम वैद्य फूड पहुंची। जांच के दौरान मध्यरात्रि में पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर लगभग 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया।
सुबह कार्रवाई के दौरान विभाग द्वारा सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को नियमानुसार खोलकर उसमें रखी खाद्य सामग्री की जांच की गई। पनीर की गुणवत्ता एवं निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की पुष्टि के लिए नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई, तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव सहित पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध खाद्य सामग्री और निर्माण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी संकलित की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जब्त पनीर का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा प्रतिबंधित अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।




