
विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह बना हुआ है। खरीदी के दूसरे दिन जिले के 960 किसानों ने धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किए हैं। इन किसानों से जिले के 170 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 3,887.10 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, खरीदी के पहले दिन 573 किसानों से कुल 2,116.56 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश सहित महासमुंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की गई है। किसान अपनी सुविधानुसार उपार्जन केंद्रों में समितियों के माध्यम से अथवा मोबाइल ऐप ‘टोकन तुहर हाथ’ के जरिए धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं।
धान खरीदी के दूसरे दिन जारी कुल 960 टोकन में से 222 किसानों ने समिति के माध्यम से, जबकि 738 किसानों ने ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के जरिए टोकन कटाया है। इससे स्पष्ट है कि किसान घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने की सुविधा का भी लाभ उठा रहे हैं।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था को सरल बनाया गया है, ताकि उन्हें समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें और उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ की स्थिति निर्मित न हो।जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उपार्जन केंद्रों में धान की गुणवत्ता परीक्षण, तौल एवं किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।



