नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने की गतिविधियों पर रोक लगाने जिला प्रशासन द्वारा सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में आज राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि विभाग के संयुक्त जांच दलों ने धान उपार्जन केंद्र खोडरी एवं गौरेला में कार्रवाई करते हुए कुल 282 बोरी (119 क्विंटल) धान जब्त किया है। जांच के दौरान ग्रीष्मकालीन, पुराना एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाए जाने तथा बिचौलियों के माध्यम से धान खपाए जाने की आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की गई।धान उपार्जन केंद्र खोडरी में संयुक्त दल द्वारा समिति कर्मचारियों की उपस्थिति में किसानों द्वारा विक्रय हेतु लाए गए धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच की गई। जांच के दौरान दो किसानों द्वारा ग्रीष्मकालीन फसल का पुराना एवं मिश्रित किस्म का धान लाया जाना पाया गया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा धान के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने तथा उनके माध्यम से बिचौलियों द्वारा उपार्जन केंद्र में धान खपाए जाने की प्रबल आशंका के आधार पर जांच दल ने कार्रवाई की।जांच दल द्वारा नरेंद्र सिंह राठौर से 40 बोरी (20 क्विंटल) तथा हेमबाई राठौर, नामिनी राजेश कुमार राठौर से 200 बोरी (80 क्विंटल) धान जब्त किया गया। इसी तरह धान उपार्जन केंद्र गौरेला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला एवं कृषि नोडल अधिकारी गौरेला के संयुक्त दल ने जांच के दौरान ग्राम आंदुल (भदौरा) निवासी कृषक पून्नू लाल द्वारा ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय हेतु लाया जाना पाया। जांच दल द्वारा 42 बोरी (19 क्विंटल) धान जब्त कर समिति प्रबंधक गौरेला की सुपुर्दगी में सौंपा गया।



