GPMNewsछत्तीसगढ़

वन विभाग के मुख्य द्वार पर मवेशियों का डेरा, व्यवस्था पर उठे सवाल।

नूर मोहम्मद, ब्यूरो चीफ, सर्वव्यापी

जिले के मरवाही वनमंडल कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने इन दिनों बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों का जमावड़ा देखा जा रहा है। वन विभाग के कार्यालय के ठीक सामने मवेशियों के घंटों बैठे रहने से न केवल कार्यालय आने-जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर शाम तक सड़क और कार्यालय के प्रवेश मार्ग पर मवेशियों का कब्जा रहता है। कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को अचानक सामने आ जाने वाले मवेशियों के कारण वाहन रोकने पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

विडंबना यह है कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण का दायित्व निभाने वाले विभाग के कार्यालय के सामने ही इस प्रकार की अव्यवस्था लंबे समय से बनी हुई है। इससे कार्यालय परिसर की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। मवेशियों के कारण सड़क पर गोबर फैला रहता है, जिससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन, नगर पंचायत और संबंधित विभाग से मांग की है कि आवारा मवेशियों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें सड़कों और शासकीय कार्यालयों के सामने बैठने से रोका जाए।

क्षेत्र के लोगों का यह भी कहना है कि गौशालाओं की व्यवस्था को प्रभावी बनाकर तथा नियमित अभियान चलाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है। साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी की जानी चाहिए, जहां मवेशियों का जमावड़ा आम बात बन चुका है।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!