
विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन तथा खेलकूद एवं कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं की प्रगति और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यानलोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने जिले में सड़कों, पुल-पुलियों एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सड़कों का निर्माण लक्ष्य के अनुरूप समय-सीमा में पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।उन्होंने सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को सीधे जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। आधुनिक तकनीक और उपकरणों का उपयोग कर कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।जून 2027 तक हर ग्राम पंचायत में हर घर जल का लक्ष्यलोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था और जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जून 2027 तक सभी ग्राम पंचायतों में हर घर जल का लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने ग्राम पंचायतों को जल योजनाएं हैंडओवर करने के बाद सचिवों एवं सरपंचों की बैठक लेकर उन्हें योजना के संचालन की तकनीकी जानकारी देने और सक्षम बनाने के निर्देश दिए। बंद पड़े ट्यूबवेलों को शीघ्र चालू कराने तथा पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने को कहा।पांच साल की कार्ययोजना बनाकर विकसित करें नगरीय निकायनगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा करते हुए श्री साव ने स्वच्छता, सड़क-नाली निर्माण, नागरिक सुविधाओं और अन्य अधोसंरचना कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के विकास के लिए आने वाले पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार कर व्यवस्थित तरीके से कार्य किया जाए।उन्होंने 15वें वित्त आयोग के कार्यों, नालंदा परिसर सहित निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण और स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।हर गांव में मैदान और हर स्कूल से निकलें खिलाड़ीखेलकूद एवं कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जिले में खेल अधोसंरचना और खेल गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाओं को तैयार किया जाए।उन्होंने कहा, “हर गांव में मैदान हो और हर स्कूल से खिलाड़ी निकलें।” प्रत्येक बच्चे को मैदान तक पहुंचाने और उसे किसी न किसी खेल गतिविधि से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा उपलब्ध खेल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना प्राथमिकताउप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने पूर्ण हो चुके, प्रगतिरत एवं प्रस्तावित कार्यों की स्थिति से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिले के अधिकारी उपस्थित रहे।




