Newsछत्तीसगढ़

यात्री किराए का होगा जल्द समाधान, बस संचालकों की समस्याओं पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने की सार्थक चर्चा, महिला यात्रियों की सुरक्षा और बसों की ऑनलाइन ट्रैकिंग पर जोर।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

परिवहन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में बस ऑनर फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए बस संचालकों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में यात्री किराए के पुनर्निर्धारण, स्लीपर बसों के टैक्स, समय-सारिणी, ऑनलाइन परमिट, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, फिटनेस प्रमाण-पत्र और महिला यात्रियों की सुरक्षा सहित परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

यात्री किराए पर जल्द निर्णय

बस ऑनर फेडरेशन ने साधारण यात्री बसों के किराए में 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों के किराए में 30 प्रतिशत वृद्धि की मांग रखी। साथ ही 11 मार्च 2025 को जारी संशोधित अधिसूचना को निरस्त करने का विषय भी उठाया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि यात्री किराए से जुड़े विषय का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए।

स्लीपर बसों के टैक्स पर विचार

फेडरेशन ने स्लीपर बसों में एक स्लीपर के बदले दो सीटों का टैक्स लेने की व्यवस्था समाप्त कर एक स्लीपर पर एक सीट के बराबर टैक्स निर्धारित करने की मांग की। मंत्री ने इस मांग के व्यावहारिक, तकनीकी और राजस्व संबंधी पहलुओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समय-सारिणी होगी व्यवस्थित

बसों के बीच समय-अंतराल को लेकर भी चर्चा हुई। फेडरेशन ने मुख्य मार्गों पर 10 मिनट और ग्रामीण मार्गों पर 30 मिनट का अंतर निर्धारित करने का सुझाव दिया। मंत्री ने कहा कि समय-सारिणी ऐसी होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को पर्याप्त सुविधा मिले और बस संचालकों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा की स्थिति न बने।

परमिट सहित सेवाएं ऑनलाइन करने पर जोर

परिवहन मंत्री ने परमिट सहित विभाग की अधिकाधिक सेवाओं को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जाए, ताकि बस संचालकों और आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

महिला यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री ने बसों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पहली अथवा अंतिम सवारी महिला होने की स्थिति में बस की ऑनलाइन ट्रैकिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बसों में कैमरे, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और अन्य सुरक्षा उपकरण सक्रिय रखने तथा उनकी नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस संचालक प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बसें आम नागरिकों के आवागमन का प्रमुख साधन हैं। इसलिए बस संचालकों की व्यावहारिक समस्याओं का नियमानुसार समाधान करते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

बैठक में छत्तीसगढ़ फूड कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं बस ऑनर फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के संरक्षक संजय श्रीवास्तव, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, फेडरेशन अध्यक्ष अनिल पूसदकर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए बस संचालक प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!