
विकास नंद/सर्वव्यापी

क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मूसलधार बारिश के चलते सरायपाली ब्लॉक के अधिकांश छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि ब्लॉक मुख्यालय से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लगातार बारिश के कारण कई ग्रामीण सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि पुल-पुलियों के ऊपर से तेज़ बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और अपनी जान जोखिम में डालकर किसी भी प्रकार का साहसिक कदम न उठाएं। साथ ही लोगों से मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। नागरिकों से भी सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।




