
विकास नंद/ सर्वव्यापी

ग्राम तोशगांव निवासी रामकिशोर नाग एवं श्रीमती लीली नाग के सुपुत्र सौम्य नाग ने खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर अपने परिवार, गांव, तहसील और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। अंडर-15 वर्ग की राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ ही सौम्य नाग ने एमएमए (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।सौम्य नाग की इस उपलब्धि पर सरायपाली एसडीएम मनोज खांडे ने एसडीएम कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान एसडीएम ने सौम्य नाग की हौसला अफजाई करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते हुए सौम्य नाग भविष्य में भी अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करे।यह सम्मान मां महामाया स्पोर्ट्स एंड डिफेंस एकेडमी, महासमुंद की अगुवाई में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एकेडमी के ट्रेनर एवं अध्यक्ष तथा पूर्व सैनिक और ग्राम तोशगांव के मूल निवासी पुरुषोत्तम डनसना, पूर्व सैनिक ओम प्रकाश साहू, ग्राम पंचायत तोशगांव के सरपंच मोहित रौतिया, ग्रामीण प्रकाश साहू सहित सौम्य नाग के माता-पिता एवं दीदी उपस्थित रहे।सौम्य नाग की लगातार दो बड़ी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ ग्राम तोशगांव में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने सौम्य नाग की सफलता को क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।सम्मान समारोह के लिए सौम्य नाग एवं उनके परिवार ने एसडीएम मनोज खांडे, मां महामाया स्पोर्ट्स एंड डिफेंस एकेडमी के अध्यक्ष, ग्राम सरपंच तथा उपस्थित ग्रामीणों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाता है और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।



