
विकास नंद/ सर्वव्यापी
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समय-सारणी जारी कर दी गई है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित होने वाली इस प्रक्रिया के तहत मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर तक किया जाएगा। वहीं, मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
कलेक्टर ने व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, तहसीलदारों तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को स्वीप गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
निर्धारित समय में कर सकेंगे दावा-आपत्ति
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित प्रविष्टियों की जांच कर आवश्यकतानुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए आवेदन किया जा सकेगा।मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। ऐसे में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी के प्रति जागरूक करने और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जाएंगी।




