Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

‘भट्ठा सरदार’ के ठिकाने पर पुलिस की दबिश, मानव तस्करी के कथित सिंडिकेट पर महासमुंद पुलिस का बड़ा प्रहार,दो राज्यों में 10 ठिकानों पर एक साथ रेड।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

श्रमिकों को दूसरे राज्यों के ईंट भट्ठों में भेजने से जुड़े मामलों में चर्चित ‘भट्ठा सरदार’ अजगर उर्फ जगत कुमार गुप्ता के बाम्हनडीह स्थित घर पर गुरुवार सुबह पुलिस ने दबिश दी। यह कार्रवाई महासमुंद पुलिस द्वारा मानव तस्करी और श्रमिकों के अवैध परिवहन से जुड़े कथित संगठित नेटवर्क के खिलाफ की जा रही व्यापक कार्रवाई के बीच सामने आई है।जानकारी के अनुसार पुलिस ने दो राज्यों में फैले बताए जा रहे इस नेटवर्क के 10 ठिकानों पर एक साथ रेड की है। कार्रवाई के दौरान करीब 1.40 करोड़ रुपए की राशि तथा बड़ी मात्रा में कागजात और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार इन साक्ष्यों से बड़ी संख्या में बालिग एवं नाबालिग श्रमिकों के कथित अवैध परिवहन और बंधुआ मजदूरी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

नाबालिगों की तस्करी और बाल मजदूरी के आरोपों की भी जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कथित सिंडिकेट पर प्रलोभन देकर लोगों को दूसरे राज्यों में ले जाने, नाबालिगों की तस्करी, बाल मजदूरी तथा नाबालिग बालिकाओं के कथित दैहिक शोषण से जुड़े गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। हालांकि इन आरोपों पर अंतिम स्थिति पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक खुलासे के बाद ही स्पष्ट होगी।बाम्हनडीह में ‘भट्ठा सरदार’ के घर पहुंची टीमइसी कार्रवाई के दौरान बाम्हनडीह में अजगर उर्फ जगत कुमार गुप्ता के घर पुलिस टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों के मुताबिक स्कॉर्पियो से पहुंची टीम ने घर में सर्च कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह टीम बसना पुलिस की थी।गौरतलब है कि जगत गुप्ता का नाम क्षेत्र में श्रमिकों को दूसरे राज्यों के ईंट भट्ठों में भेजने के मामलों में पहले भी चर्चा में रहा है। इसी वजह से क्षेत्र में उसे कथित तौर पर ‘भट्ठा सरदार’ के नाम से भी जाना जाता है।

खरियाररोड में भी पहुंची पुलिस टीम

इधर, महासमुंद पुलिस की एक अन्य टीम के खरियाररोड में श्रमिक दलाली से जुड़े बताए जा रहे लता कुमार के घर पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई का व्यापक मानव तस्करी मामले से क्या संबंध है, यह पुलिस के आधिकारिक विस्तृत बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

10 ठिकानों पर रेड, पूछताछ और सर्च जारी

पुलिस की कार्रवाई में कथित तौर पर डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज और आर्थिक लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ और सर्च की कार्रवाई जारी बताई जा रही है। पूरे मामले में कार्रवाई पूर्ण होने के बाद पृथक से विस्तृत जानकारी जारी किए जाने की बात कही गई है।

अब पुलिस के आधिकारिक खुलासे पर निगाहें टिकी हैं कि कथित नेटवर्क की जड़ें कहां तक फैली हैं, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और ‘भट्ठा सरदार’ के नाम से चर्चित जगत गुप्ता की भूमिका इस कार्रवाई में क्या सामने आती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!