NewsGPMछत्तीसगढ़

देशभक्ति के रंग में रंगा जीपीएम, धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस..विधायक धर्मजीत सिंह ने फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन; मार्च पास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बांधा समां।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर पूरा जीपीएम जिला देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया। पेण्ड्रारोड स्थित गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगे की शान, देशभक्ति गीतों की गूंज, अनुशासित मार्च पास्ट और स्कूली बच्चों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को यादगार बना दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने आन-बान और शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया, जिसमें छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को रेखांकित किया गया।

ध्वजारोहण से पहले धर्मजीत सिंह ने कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी और परेड कमांडर भूपेंद्र सिंह कुर्रे के साथ निरीक्षण वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथ हिलाकर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। समारोह स्थल पर राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रहा।

कदमताल से गूंजा मैदान, परेड ने बटोरी तालियां

समारोह में जिला पुलिस बल, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट्स और एनएसएस सहित परेड की दस टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। सधे कदमों और अनुशासित कदमताल ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ फोटो सेशन भी किया।शांति और सद्भावना के संदेश के साथ केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारों का गुच्छा खुले आसमान में छोड़ा गया। राष्ट्रगान की धुन पर जिला पुलिस बल ने तीन राउंड हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।

साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत

समारोह के दौरान साइबर अपराध के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से आम लोगों को साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 49 व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 49 व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शहीद शिव नारायण सिंह बघेल के परिवार को भी सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या विद्यालय पेण्ड्रा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नेवसा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

परेड के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल प्रथम, नगर सेना महिला वर्ग द्वितीय और वनमंडल की प्लाटून तृतीय रही। जूनियर वर्ग में एनसीसी प्रथम, स्काउट्स द्वितीय और एनएसएस तृतीय स्थान पर रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया प्रथम, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला द्वितीय और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा तृतीय स्थान पर रहा।

समारोह में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!