
विकास नंद (सर्वव्यापी)

राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर तहसील सरायपाली के पटवारियों द्वारा 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल किए जाने के कारण राजस्व एवं कृषकों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली ने प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटवारियों के राजस्व हल्कों में बदलाव का आदेश जारी किया है।
27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 413/कानूनगो/अविवा/2026 के अनुसार, हड़ताल में शामिल नहीं होने वाले नियमित पटवारियों को हड़ताल पर गए पटवारियों के हल्कों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित पटवारियों को हड़ताल से वापसी तक अतिरिक्त हल्कों का प्रभार दिया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभावशील कर दिया गया है।
इन पटवारियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, पटवारी जगमोहन लाल बरिहा को सरायपाली हल्का नंबर 14, उत्तर कुमार साहू को बानीगिरोला हल्का नंबर 11, सावन कुमार दीवान को केदुवां हल्का नंबर 06 तथा हरीश भाई पाटिल को छुईपाली हल्का नंबर 46 का प्रभार सौंपा गया है।
इसी तरह त्रिवेणी पटेल, वर्तमान हल्का नंबर 56, को राजस्व निरीक्षक मंडल अर्जुंडा के अंतर्गत हल्का नंबर 18, 19, 20, 24, 30, 31, 32 एवं 33 की जिम्मेदारी दी गई है।
हेम कुमार दीवान, वर्तमान हल्का नंबर 34, को राजस्व निरीक्षक मंडल खम्हारपाली के हल्का नंबर 35, 36, 37, 38, 40, 47 एवं 48 तथा राजस्व निरीक्षक मंडल बानीगिरोला के हल्का नंबर 8, 9, 10, 12, 15, 16 एवं 17 का प्रभार दिया गया है।
वहीं नीरज देवांगन को उनके वर्तमान हल्का नंबर 43 (मूल हल्का) एवं 50 (प्रभार हल्का) के साथ राजस्व निरीक्षक मंडल छुईपाली के हल्का नंबर 41, 42, 45, 49, 51 एवं 52 तथा राजस्व निरीक्षक मंडल केदुवां के हल्का नंबर 1, 2, 3, 4, 5, 7 एवं 39 की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा शैलेश कुमार अग्रवाल, वर्तमान हल्का नंबर 44, को राजस्व निरीक्षक मंडल संमेलीया के हल्का नंबर 21, 22, 23, 25, 26, 27, 28, 29, 53 एवं 55 तथा राजस्व निरीक्षक मंडल सरायपाली के हल्का नंबर 13 एवं 54 का प्रभार दिया गया है।
किसानों और आम नागरिकों को राहत देने की कवायद
पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते भूमि संबंधी कार्यों, राजस्व अभिलेखों तथा किसानों से जुड़े अन्य कार्यों पर असर पड़ने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। नए प्रभार के तहत संबंधित पटवारी अपने निर्धारित हल्कों के साथ अतिरिक्त हल्कों में भी राजस्व कार्यों का दायित्व संभालेंगे।
आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर (भू-अभिलेख शाखा) महासमुंद, तहसीलदार सरायपाली, अतिरिक्त तहसीलदार/नायब तहसीलदार तथा संबंधित राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं पालन के लिए भेजी गई है।
प्रशासन के इस कदम से हड़ताल के दौरान राजस्व संबंधी कामकाज को जारी रखने और आम नागरिकों व किसानों को होने वाली परेशानी कम करने का प्रयास किया गया है।



