Newsछत्तीसगढ़

विकसित भारत के संकल्प से महिला सशक्तिकरण तक, रूप कुमारी चौधरी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां।

विकास नंद/सर्वव्यापी

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित महिला मोर्चा की पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज महिलाएं केवल आधी आबादी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के परिणामस्वरूप देशभर में लगभग 3 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर चुकी हैं। यह बदलाव केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूरस्थ ग्रामीण अंचलों की महिलाएं भी आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने रेलवे, विज्ञान, अंतरिक्ष, खेलकूद, पर्वतारोहण सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं ने देश के विकास को नई गति दी है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।किसानों के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-बड़े किसानों को खेती के खर्च में सहायता के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये सीधे बैंक खातों में जमा किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ और शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से आजादी दिलाने के लिए उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन और सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे बिजली बिल में बचत के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी मिल रहा है।उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की प्रमुख योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर आर्थिक सहायता दी जा रही है।पत्रकार वार्ता में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, नियद नेल्लानार योजना, रानी दुर्गावती योजना, रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना और सरस्वती साइकिल योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। महिला सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!