
विकास नंद/ सर्वव्यापी
शिक्षा सत्र 2026-27 में नियमित रूप से अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए केंद्रीय छात्रवृत्ति योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू हो गया है। योजना के तहत कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा कक्षा 11वीं-12वीं, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम, स्नातकोत्तर और पीएचडी में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप क्लास हायर एजुकेशन छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी की दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होना आवश्यक है। इसके लिए सक्षम चिकित्सा प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र अनिवार्य है। आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी तथा विगत वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए। साथ ही विद्यार्थी किसी अन्य छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं ले रहा हो।प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए पालक या अभिभावक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि टॉप क्लास हायर एजुकेशन छात्रवृत्ति के लिए वार्षिक आय की सीमा 8 लाख रुपये निर्धारित है।पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तथा संस्था सत्यापन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है। वहीं पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप क्लास हायर एजुकेशन छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 और संस्था सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।ऑनलाइन आवेदन के बाद विद्यार्थियों को आवेदन का प्रिंट निकालकर निर्धारित समय-सीमा से पहले संबंधित संस्था के प्रधान पाठक या प्राचार्य की अनुशंसा सहित आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। पोर्टल पर पंजीयन, संस्था पंजीयन अथवा संस्था केवायसी से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए समाज कल्याण विभाग से संपर्क किया जा सकता है।




