
नूर मोहम्मद, जिला ब्यूरो चीफ, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित 50 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार शीघ्र और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की बात संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनी जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने अधिकारियों को केवल आवेदनों के निराकरण तक सीमित न रहते हुए आवेदकों को वास्तविक राहत उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
दिव्यांग हितग्राही के राशन कार्ड मामले की तत्काल जांच
जनसुनवाई के दौरान शिव कुमार ने दिव्यांगता के आधार पर केवाईसी नहीं होने के कारण राशन कार्ड से नाम कटने की समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल फूड इंस्पेक्टर को जांच के निर्देश दिए।जांच के दौरान सामने आया कि हितग्राही का दिव्यांगता के आधार पर राशन कार्ड पहले ही बनाया जा चुका है। मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट की गई।
विभिन्न योजनाओं और विभागों से जुड़े आवेदन
जनसुनवाई में भूमिहीन कृषि मजदूर योजना की राशि, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, टीसी में नाम सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, नक्शा-खसरा ऑनलाइन अपडेट, बंटवारा, भुगतान, विकास कार्यों की दुरुस्ती, बीमा राशि और डिजिटल क्रॉप सर्वे के भुगतान सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निष्पक्ष परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं करने और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।



