Newsछत्तीसगढ़

एशियन गेम्स की स्वर्णिम जीत पर संजू देवी को 51 लाख का उपहार, CM साय ने किया सम्मान।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए अभिनंदन किया और 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं में अपार क्षमता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और आवश्यक प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देती है। संजू देवी की सफलता गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी।उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और देश-दुनिया के खेल मंचों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर देना सरकार का संकल्प है।संजू देवी ने सम्मान और प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!