
विकास नंद/ सर्वव्यापी
शासन की मंशानुसार छात्रावासों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप लोअर, टी-शर्ट, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, महासमुंद में छात्रावासी विद्यार्थियों को लोअर, टी-शर्ट एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक नीलेश खांडे ने विद्यार्थियों को सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से विकासखंड एवं जिला मुख्यालय स्थित छात्रावासों में अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा विभिन्न प्रोत्साहनात्मक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, महासमुंद विद्यार्थियों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। यहां गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन के साथ प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को शिक्षाप्रद फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है। इसके अलावा विद्यार्थियों की शैक्षणिक जिज्ञासाओं के समाधान के लिए प्रतिदिन विशेष अध्ययन सत्र एवं डाउट क्लास का भी आयोजन किया जाता है।हरा-भरा एवं स्वच्छ परिसर, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थियों की समग्र आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने वाली व्यवस्थाओं के कारण छात्रावास बच्चों के लिए घर जैसा माहौल उपलब्ध करा रहा है। यही कारण है कि विद्यार्थी यहां रहकर अध्ययन करने में अधिक रुचि ले रहे हैं।




