
विकास नंद/सर्वव्यापी
यात्रियों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने महासमुंद में यात्री बसों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। रायपुर रोड पर की गई आकस्मिक जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 19 यात्री बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग ने इन बसों से कुल 6,600 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया।परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला के नेतृत्व में परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने यह जांच अभियान चलाया। इस दौरान यात्री बसों में सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।फिटनेस से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस तक की जांचजांच अभियान के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, बीमा दस्तावेज और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इसके साथ ही बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजामों का भी जायजा लिया गया।जांच के दौरान कुल 19 यात्री बसों में विभिन्न कमियां और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। विभाग ने मौके पर ही संबंधित बसों से 6,600 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया।यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहींजिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बसों में फिटनेस, परमिट और बीमा जैसे अनिवार्य दस्तावेजों का अभाव गंभीर लापरवाही है। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों को सभी निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी।उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री बसों की जांच और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगी।




