
भागवत प्रसाद, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी
आज गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर साप्ताहिक समाचार पत्र एवं वेब पोर्टल ‘सर्वव्यापी’ के संपादक, साहित्यकार , छत्तीसगढ़िया एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष, ग्लोबल जर्नलिस्ट एंड मीडिया संघ के प्रदेश महासचिव एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तरुण कौशिक ने अपने पूज्य गुरुदेव पंडित जी.पी. उपाध्याय के श्रीचरणों में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुदेव का पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
तरुण कौशिक ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाले प्रकाश स्तंभ होते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और सेवा का भाव विकसित होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक जीवन में जो भी प्रेरणा एवं ऊर्जा मिली है, उसमें गुरुदेव का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन अमूल्य रहा है।
इस अवसर पर गुरुदेव पंडित जी.पी. उपाध्याय ने भी तरुण कौशिक को सदैव सत्य, निष्पक्षता और जनहित की भावना के साथ कार्य करते रहने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर गुरु-शिष्य के बीच श्रद्धा, सम्मान और आत्मीयता का यह भावपूर्ण मिलन उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणादायी रहा।




