तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इवेंट मैनेजमेंट एजेंसियों के चयन के लिए जारी निविदा प्रक्रिया में दस्तावेजों की सत्यता को लेकर विवाद सामने आया है। मेसर्स अभिषेक टेंट हाउस, बिलासपुर पर निविदा में कथित रूप से फर्जी एवं कूटरचित कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव को शिकायत पत्र सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच की मांग की है।शिकायत निविदा क्रमांक GEM/2026/B/8047844, दिनांक 16 नवंबर 2026 से संबंधित है। इस निविदा के माध्यम से खेल प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों, समारोहों, सम्मेलनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, युवा गतिविधियों एवं अन्य विभागीय आयोजनों के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसियों का चयन किया जाना है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित फर्म द्वारा निविदा में जो कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है, उसकी सत्यता संदिग्ध है। इस संबंध में उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग, रायपुर द्वारा पत्र क्रमांक 1295/नि.क्र./2025-26, दिनांक 4 नवंबर 2025 के माध्यम से संबंधित प्रमाण पत्र के संबंध में विभागीय स्थिति स्पष्ट की गई थी। इसके अतिरिक्त 29 अक्टूबर 2026 को भी प्रमाण पत्र की सत्यता के प्रमाणीकरण को लेकर पत्राचार किया गया तथा 29 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में उपसंचालक समाज कल्याण विभाग द्वारा संबंधित जानकारी संलग्न कर भेजे जाने का उल्लेख है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित विभागीय पत्राचार उपलब्ध होने के बावजूद अब तक इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उलटे, विभाग के कुछ अधिकारियों एवं निविदा प्रक्रिया से जुड़ी कंसलटेंट कंपनी के कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से संबंधित फर्म को तकनीकी रूप से पात्र घोषित कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निविदा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।गौरतलब है कि शिकायत में संबंधित फर्म के विरुद्ध राजिम कुंभ 2025-26 की निविदा में भी कथित फर्जी गुमास्ता लाइसेंस प्रस्तुत किए जाने का मामला उठाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उस प्रकरण में जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जांच कराई गई थी और दस्तावेज फर्जी पाए जाने का दावा किया गया है।शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एवं खेल विभाग के सचिव से मांग की है कि संबंधित कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र का मूल अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराया जाए, जांच पूरी होने तक संबंधित फर्म को तकनीकी रूप से पात्र घोषित करने की प्रक्रिया रोकी जाए तथा निविदा प्रक्रिया में संबंधित अधिकारियों एवं कंसलटेंट कंपनी के कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाए।शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में दस्तावेज फर्जी अथवा कूटरचित पाए जाते हैं तो संबंधित फर्म एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शासकीय निविदाओं में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक पात्र एजेंसियों को समान अवसर मिल सके।



