
विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर लेकर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, महासमुंद 29 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन करने जा रहा है। यह रोजगार मेला शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, ग्राम बरोड़ा बाजार, महासमुंद में प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित होगा, जहां निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां कुल 559 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी।उप संचालक रोजगार डॉ. शशी अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में डब्ल्यूआईओ एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, यूपीडीटी एजुकेशन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, एनआईआईटी लिमिटेड तथा स्टे प्रोटेक्टेड सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सहित कई निजी कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा तथा पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लेकर उपस्थित होना होगा।
साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी रिक्त पदों की संख्या, पदवार शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान तथा कार्यस्थल संबंधी विस्तृत जानकारी जिला रोजगार कार्यालय, महासमुंद अथवा ई-रोजगार पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं।




