
विकास नंद/सर्वव्यापी

भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी के पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन पर राजधानी रायपुर से लेकर उनके गृहनगर महासमुंद तक भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। जगह-जगह आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच उनका अभिनंदन कर महिला मोर्चा ने अपनी एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया।
स्वामी विवेकानंद विमानतल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और ढोल-ताशों के साथ रूपकुमारी चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे भाजपा के एकात्म परिसर स्थित कार्यालय पहुंचीं, जहां प्रदेशभर से जुटीं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।इसके बाद रूपकुमारी चौधरी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने स्मृति मंदिर में पार्टी के पितृ पुरुषों एवं प्रेरणास्रोत महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं रूपकुमारी चौधरी के स्वागत को लेकर महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राजधानी में हुए स्वागत से लेकर महासमुंद तक उनके स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और महिला मोर्चा की सक्रियता को भी रेखांकित किया।
महिला मोर्चा के इस भव्य स्वागत को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजधानी से लेकर गृहनगर तक हुए शक्ति प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा में उत्साह और सक्रियता दोनों बढ़ी है।




