
विकास नंद/ सर्वव्यापी

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेभर से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन के दौरान ग्राम मोंगरा निवासी दिव्यांग अशोक साहू ने अपनी पुरानी ट्राइसिकल क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन में हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को तत्काल नई ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश के अनुरूप अशोक साहू को मौके पर ही नई ट्राइसिकल प्रदान की गई। ट्राइसिकल मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।सुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत लोहारडीह के ग्रामीणों ने गांव तक पहुंच मार्ग तथा आंतरिक सड़कों के डामरीकरण की मांग रखी।
इस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम कछारडीह के ग्रामीणों ने कछारडीह बांध की नहर एवं गेट की मरम्मत की मांग की। वहीं बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी निवासी प्रेम कुमार साव ने कच्चे मकान के लिए आबादी पट्टा प्रदान करने का आवेदन दिया।
ग्राम बिछिया के सरपंच ने पात्र परिवारों को आबादी पट्टा उपलब्ध कराने की मांग रखी।कोमाखान तहसील के ग्राम भिलाईदादर निवासी नोहर लाल साहू ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जबकि सरायपाली तहसील के ग्राम मौहाडीपा के ग्रामीणों ने गांव को नवीन ग्राम पंचायत घोषित करने की मांग संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों का निर्धारित समय-सीमा में संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




