
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन के जनसम्पर्क विभाग ने विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए तीन उप संचालकों को संयुक्त संचालक के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार पदोन्नति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील होगी। पदोन्नत अधिकारियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-14 (वेतनमान ₹79,900–2,11,700) प्रदान किया जाएगा।जारी आदेश के अनुसार जिला जनसम्पर्क कार्यालय बस्तर में पदस्थ कमल कुमार बघेल, जनसम्पर्क संचालनालय रायपुर में पदस्थ छगनलाल लोन्हारे तथा जिला जनसम्पर्क कार्यालय बिलासपुर में पदस्थ मुनुदाऊ पटेल को संयुक्त संचालक के पद पर पदोन्नत किया गया है। तीनों अधिकारियों को उनकी वर्तमान पदस्थापना पर ही यथावत कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में लंबित याचिका WP (PIL) क्रमांक 91/2019, WPS क्रमांक 9778/2019 तथा अन्य संबंधित याचिकाओं में 16 अप्रैल 2024 को पारित आदेश के अधीन रहेगी।शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस पदोन्नति के आधार पर अधिकारियों की वरिष्ठता प्रभावित नहीं होगी तथा पदोन्नति के परिप्रेक्ष्य में वरिष्ठता का कोई दावा मान्य नहीं किया जाएगा।यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार जनसम्पर्क विभाग के उप सचिव हेमिन बाघे द्वारा जारी किया गया है।



