Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

नशा नहीं, कौशल बने युवाओं की पहचान: महासमुंद में विकसित भारत के लिए युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प।

विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद जिला पंचायत सभागार में रविवार को “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं युवाओं ने एक साथ सुना। इसके बाद सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, महेंद्र सिक्का, राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद सहित माय भारत, समाज कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल, प्रतिभा और नवाचार से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि लगभग 100 दिनों तक चलने वाला जन-जागरूकता अभियान है।

भारत विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता में लगाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने संत गुरु घासीदास के नशामुक्ति के संदेश को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “जिनकी आनी-बानी अच्छी रहेगी, उनकी सियानी भी अच्छी रहेगी।

“विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि देशभर के लगभग 10 हजार संस्थानों में युवा नशामुक्ति का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा से शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे लत बन जाता है और व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है। स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्वयं को नशे से दूर रखना है। आने वाला भविष्य युवाओं का है और उनकी सकारात्मक शक्ति ही देश को नशामुक्त बना सकती है।

कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के तन, मन और पूरे जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “नशा ही नाश की जड़ है”, इसलिए प्रत्येक युवा नशे का बहिष्कार करने का संकल्प ले।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!