
विकास नंद/ सर्वव्यापी

राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरला कोसरिया के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा सरायपाली विधानसभा द्वारा “ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र” अभियान के तहत देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए सरायपाली की पावन मिट्टी और रक्षा-सूत्र प्रेषित किए गए।इस अवसर पर सरला कोसरिया ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। रक्षा-सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि देश की बहनों के स्नेह, विश्वास और मंगलकामनाओं का प्रतीक है। वहीं सरायपाली की पावन मिट्टी मातृभूमि के प्रति प्रेम, आस्था और अपनत्व का संदेश लेकर देश के वीर जवानों तक पहुंचेगी।उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र” का उद्देश्य सैनिकों तक यह संदेश पहुंचाना है कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके त्याग एवं समर्पण का सम्मान करता है। भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं।
अभियान में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ रक्षा-सूत्र एवं पावन मिट्टी प्रेषित कर देश के वीर जवानों के उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित सेवा और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




